राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर 06 अक्टूबर को जिले में 01 से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमिनाशक एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। कार्यक्रम के तहत शासकीय एवं निजी स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों तथा छात्रावासों में बच्चों को दवा का सेवन कराया जाएगा। इसके साथ ही 20 से 49 वर्ष की ऐसी महिलाएं, जो गर्भवती अथवा धात्री नहीं हैं, उन्हें भी एल्बेंडाजोल की गोली का सेवन कराया जाएगा।

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में एल्बेंडाजोल की दवा उपलब्ध कराई गई है। बच्चों को दवा के सेवन की विधि एवं इसके लाभों की जानकारी देने के लिए संबंधित नोडल शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया है। स्कूलों में नोडल शिक्षक की उपस्थिति में बच्चों को निर्धारित मात्रा में दवा का सेवन कराया जाएगा।

पेट में होने वाला कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रभावित कर सकता है। इसके कारण बच्चों में एनीमिया की स्थिति उत्पन्न होने के साथ ही स्कूल में उपस्थिति एवं शैक्षणिक उपलब्धि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। नियमित रूप से कृमिनाशक दवा का सेवन कराकर कृमि संक्रमण से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव किया जा सकता है।

एल्बेंडाजोल की गोली कृमि संक्रमण की रोकथाम एवं उपचार के लिए सुरक्षित एवं प्रभावी दवा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभिभावकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर एल्बेंडाजोल की गोली का सेवन अवश्य कराएं।