कंट्रोलर खाद्य सुरक्षा प्रशासन भोपाल, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट की प्रारंभिक जांच के लिए रैपिड किट के माध्यम से अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा लांजी, रजेगांव, किरनापुर, भरवेली, गर्रा, लालबर्रा एवं वारासिवनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में डेयरी, होटल, बेकरी एवं डेली नीड्स प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दूध के नमूनों की मौके पर प्रारंभिक जांच की गई।जांच के दौरान लांजी की नई जयकारा होटल, प्रतीक होटल एवं शीतल उपहार गृह, देवटोला की बघेले डेयरी एवं बेकरी, भरवेली की नागपुरे डेयरी, रजेगांव की वि.जे. केक्स एवं ताज स्वीट्स एंड बेकरी, किरनापुर की मधु किराना तथा वारासिवनी की आर्य डेयरी एंड बेकरी सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों से दूध के लगभग एक दर्जन से अधिक नमूने लिए गए।

मौके पर रैपिड किट के माध्यम से दूध में सुक्रोज, साल्ट, स्टार्च, यूरिया आदि की प्रारंभिक जांच का प्रदर्शन किया गया तथा दुकानदारों एवं आमजन को खाद्य पदार्थों में मिलावट के प्रति जागरूक किया गया।खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार जांच किए गए लगभग 12 नमूनों में प्रारंभिक तौर पर किसी प्रकार की मिलावट की पुष्टि नहीं पाई गई।

विभाग द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में समय-समय पर रैपिड किट के माध्यम से दूध की प्रारंभिक जांच एवं जनजागरूकता गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं।विभाग ने बताया कि यदि प्रारंभिक जांच में मिलावट की संभावना पाई जाती है, तो नियमानुसार विधिक नमूना लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा। नमूना अमानक पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमानुसार वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।