कलेक्टर श्री आदित्य सिंह 23 अक्टूबर की सुबह अचानक नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर, कुल्पा, पालागोंदी और चालिसबोड़ी पहुंचे। उन्होंने इन गांवों में स्कूल, कन्या छात्रावास और निर्माणाधीन विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।कलेक्टर श्री सिंह ने सबसे पहले ग्राम मोहनपुर पहुंचकर हायर सेकंडरी स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल तक पहुंचने के लिए सड़क निर्माण तथा स्कूल की बाउंड्रीवॉल के निर्माण की तकनीकी एवं प्रशासकीय स्वीकृति शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए।
छात्रावास अधीक्षिका को स्थापना दिवस पर सम्मानित करने के निर्देश
कलेक्टर ने मोहनपुर स्थित कन्या छात्रावास का भी निरीक्षण किया। छात्रावास में बेहतर व्यवस्थाओं और परिसर में की गई बागवानी को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती श्यामवती उपवंशी के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें एक नवंबर को आयोजित होने वाले मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह में सम्मानित करने की बात कही। कलेक्टर ने छात्रावास के सामने स्थित भूमि को समतल कर खेल मैदान तैयार करने, छात्राओं की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल पर कंटीले तारों की फेंसिंग कराने तथा छात्राओं को कोचिंग की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मोहनपुर-लत्ता मार्ग का निर्माण शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश
ग्राम मोहनपुर में कलेक्टर श्री सिंह ने विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मोहनपुर एवं लत्ता को जोड़ने वाले मार्ग का निरीक्षण कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। वहीं, मोहनपुर के वार्ड क्रमांक-2 में छह माह से खराब पड़े दो हैंडपंपों की शिकायत पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर हैंडपंपों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम कुल्पा में कलेक्टर ने प्रस्तावित 200 मीटर लंबी सीमेंट कांक्रीट सड़क के निर्माण की तकनीकी एवं प्रशासकीय स्वीकृति शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। ग्राम पालागोंदी के बैगा मोहल्ले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क इकाई द्वारा बनाई जा रही 1200 मीटर लंबी सड़क एवं पुलिया का निरीक्षण किया। इसके अलावा ग्राम चालिसबोड़ी में निर्माणाधीन पुलिया का भी जायजा लिया।
100 गांवों में ई-लाइब्रेरी बनाने के निर्देश
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने भ्रमण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्र के सभी गांवों में किसान चौपाल और ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाए, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी लेकर उनका निराकरण किया जा सके। उन्होंने नक्सल प्रभावित रहे सभी 100 गांवों में ई-लाइब्रेरी स्थापित करने के निर्देश दिए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इसके साथ ही गांवों में हैंडपंपों के पास सोखपीट बनाने तथा रात्रि में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के लिए सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर के इस भ्रमण के दौरान स्कूलों, छात्रावासों और निर्माणाधीन विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय समस्याओं के निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती शकुंतला डामोर, जनपद सीईओ श्री डी आर उइके, सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग बालाघाट, श्री कन्हैयालाल तेकाम तहसीलदार परसवाडा, श्री तिलकचंद घोरमारे नायाब तहसीलदार परसवाडा, श्री राधेश्याम चक्रवर्ती सहायक यंत्री परसवाडा, श्री सुन्दरलाल पन्द्रे सरपंच ग्राम पंचायत मोहनपुर, सरपंच ग्राम पंचायत चालीसबोडी, एवं ग्राम पंचायत के सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहें।


