पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय बड़वानी में बाल दिवस के उपलक्ष्य में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं फूड स्टॉल कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य श्री कुंदन राठौर के कुशल मार्ग दर्शन में हर्षाेल्लास एवं उत्साह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री प्रमोद कुमार गुप्ता प्राचार्य एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य एवं सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा पंडित जवाहरलाल नेहरूजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इसके पश्चात विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बाल दिवस समारोह को उत्साहपूर्वक आगे बढ़ाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बाल वाटिका एक से लेकर कक्षा पाँचवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बाल वाटिका के नन्हे विद्यार्थियों के लिए भारतीय संस्कृति एवं क्षेत्रीय विविधता को दर्शाती हुई विशेष वेशभूषा की थीम रखी गई, जिसमें बाल वाटिका एक के लिए पंजाबी वेशभूषा, बाल वाटिका दो के लिए दक्षिण भारतीय वेशभूषा तथा बाल वाटिका तीन के लिए गुजराती वेशभूषा निर्धारित की गई। वही कक्षा पहली से पाँचवीं तक के विद्यार्थियो ंके लिए ओपन थीम पर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने झाँसी की रानी, भारत माता एवं पंडित जवाहरलाल नेहरू सहित विभिन्न प्रेरणादायी व्यक्तित्वों एवं पात्रों की बहुआयामी भूमिकाओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की वेशभूषा, आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति ने कार्यक्रम को विशेष रूप से आकर्षक बना दिया। इसी क्रम में विद्यार्थियों के रचनात्मक कौशल, सहयोग की भावना एवं व्यावहारिक दक्षताओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कक्षा पहली से बारहवीं तक के विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न फूड स्टॉल लगाएगए। इनमें कक्षा पहली से पाँचवीं तक के लिए गुजराती व्यंजन, कक्षा छठी से आठवीं तक के लिए दक्षिण भारतीय व्यंजन तथा कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के लिए अन्य विविध भारतीय व्यंजनों की थीम निर्धारित की गई। विद्यार्थियों ने विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत करते हुए अपनी पाक-कला, प्रबंधन क्षमता, टीम भावना एवं उद्यम शीलता का परिचय दिया। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियो को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति एवं खान-पान की विविधता को जानने और समझने का अवसर प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह एवं सहभागिता विशेष रूप से सराहनीय रही। प्राचार्य के कुशल नेतृत्व एवं मार्ग दर्शन तथा मुख्य अतिथि श्री प्रमोद कुमार गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाने में समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान, सक्रिय सहभागिता एवं आपसी सहयोग रहा। इस प्रकार बाल दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए मनोरंजन, रचनात्मक अभिव्यक्ति, सांस्कृतिक जागरूकता एवं अनुभवात्मकता का एक सुंदर अवसर सिद्ध हुआ। कार्यक्रम का समन्वयन श्री विप्लव शर्मा द्वारा कियागया।
खेल
बाल दिवस पर पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय बड़वानी में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं फूड स्टॉल का भव्य आयोजन

भौकाल डेस्क13 नवंबर 2026 · 4 मिनट


