पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर के मार्गदर्शन तथा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में “ माटी गणेश सिद्ध गणेश ” अभियान के अंतर्गत बैतूल जिले के सभी 10 विकासखंडों में विकासखंड स्तरीय कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।
कार्यशालाओं में सामाजिक कार्यकर्ताओं, नवांकुर संस्थाओं, मेंटर्स तथा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के एमएसडब्ल्यू एवं
बीएसडब्ल्यू छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने मिट्टी से भगवान श्री गणेश की सुंदर एवं आकर्षक प्रतिमाओं का निर्माण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन का संकल्प लिया।
घोड़ाडोंगरी विकासखंड में आयोजित कार्यशाला में मुख्य अतिथि श्री रूपचंद यादव सलैया एवं जिला समन्वयक श्री संतोष सिंह राजपूत सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं, नवांकुर संस्थाओं, मेंटर्स एवं एमएसडब्ल्यू, बीएसडब्ल्यू छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। प्रतिभागियों ने मिट्टी से गणेश प्रतिमाओं का निर्माण कर पर्यावरण हितैषी गणेश उत्सव मनाने का संदेश दिया।
आमला विकासखंड में शासकीय डॉ. भीमराव अंबेडकर महाविद्यालय परिसर में विकासखंड स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। विकासखंड समन्वयक श्री अरविंद माथनकर की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मिट्टी से गणेश प्रतिमाओं का निर्माण किया। मूर्ति निर्माण में श्री नितिन प्रजापति द्वारा आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया गया।
इसी प्रकार प्रभात पट्टन विकासखंड में विकासखंड समन्वयक श्रीमती राधा बरोदे, शाहपुर, चिचोली एवं भीमपुर विकासखंड में विकासखंड समन्वयक श्री राजू मांडवे, भैंसदेही विकासखंड में विकासखंड समन्वयक श्री विकास कुमरे, मुलताई विकासखंड में विकासखंड समन्वयक श्रीमती जयप्रकाशी धुर्वे तथा आठनेर विकासखंड में विकासखंड समन्वयक श्रीमती मधु चौहान के नेतृत्व में “ माटी गणेश सिद्ध गणेश ” अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
जिला समन्वयक श्री संतोष सिंह राजपूत ने बताया कि जिले के सभी 10 विकासखंडों में विकासखंड स्तरीय कार्यशालाएं आयोजित कर अभियान की शुरुआत की गई है। अब 14 सितंबर तक सेक्टर स्तर पर भी मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण की कार्यशालाएं एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से सामाजिक कार्यकर्ता, नवांकुर संस्थाएं एवं मेंटर्स समाज के बीच पहुंचकर लोगों को पर्यावरण हितैषी गणेश उत्सव मनाने के लिए जागरूक करेंगे।
उन्होंने कहा कि “ माटी गणेश सिद्ध गणेश ” केवल गणेश प्रतिमा निर्माण का अभियान नहीं, बल्कि आस्था और पर्यावरण संरक्षण को जोड़ने वाला जनअभियान है। मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं का उपयोग करने से जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के साथ ही समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंचाया जा सकता है।
बैतूल जिले के बैतूल, आमला, मुलताई, प्रभात पट्टन, शाहपुर, घोड़ाडोंगरी, चिचोली, भैंसदेही, भीमपुर एवं आठनेर विकासखंडों में यह अभियान व्यापक रूप से चलाया जा रहा है। आगामी दिनों में सेक्टर एवं ग्राम स्तर तक अभियान को पहुंचाकर अधिक से अधिक नागरिकों को इससे जोड़ने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।


