शासन के निर्देशानुसार गोवर्धन पर्व के अंतर्गत सोमवार को शासकीय गौशाला, डोंगरगांव में गोवर्धन पूजा एवं गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटील, बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू, अध्यक्ष श्री मनोज माने, अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री विवेक कुमार, जिला पंचायत सीईओ एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा, अन्य अधिकारीगण सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा विधि-विधान से गोवर्धन पूजा एवं गौ-पूजन किया गया। इस अवसर पर गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पशुपालकों को वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन करने, उन्नत नस्लों के संरक्षण एवं दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा एवं सुना गया।
गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना अंतर्गत पशुपालकों को किया गया सम्मानित
इस दौरान कार्यक्रम में गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए गए। योजना का उद्देश्य देशी नस्ल की गायों का संरक्षण एवं संवर्धन, दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना तथा पशुपालन को ग्रामीण क्षेत्रों में लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से गौसंरक्षण, पशुपालकों के आर्थिक सशक्तिकरण एवं शासन की पशुपालन हितैषी योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश देना है।



