विधायक ललिता यादव, जि.पं. अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री और नपा अध्यक्ष ज्योति चौरसिया ने रेलवे स्टेशन पर तीर्थयात्रियों का किया स्वागत
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जिले के तीर्थयात्री श्रवणबेलगोला की यात्रा पर रवाना हुए। शनिवार को महाराजा छत्रसाल रेलवे स्टेशन, छतरपुर पर यात्रा में शामिल होने पहुंचे 110 तीर्थयात्रियों का छतरपुर विधायक ललिता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री एवं नगर पालिका परिषद छतरपुर की अध्यक्ष ज्योति चौरसिया ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया और तीर्थयात्रियों को यात्रा की मंगलकामनाएं दीं।
मध्यप्रदेश शासन के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के निर्देशानुसार आयोजित यह यात्रा 24 से 29 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित है। यात्रा के लिए भारत गौरव स्पेशल ट्रेन क्रमांक 00494 का संचालन किया जा रहा है। जिले से कुल 113 तीर्थयात्रियों के यात्रा में शामिल होने का कार्यक्रम है, जिनमें से 110 यात्री छतरपुर रेलवे स्टेशन से रवाना हुए। यात्रियों की सुविधा एवं सहायता के लिए उनके साथ दो अनुरक्षक भी रहेंगे।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उद्देश्य प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के तहत तीर्थयात्रियों को धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जा रहे हैं।



