दमोह जिले के ग्राम भोंदलखेड़ी निवासी बृजेश कुमार के परिवार को आयुष्मान भारत योजना से बड़ी आर्थिक राहत मिली। उनकी पत्नी निधि दुबे का प्रसव संबंधी ऑपरेशन स्व. प्रेम शंकर धगट स्मृति जिला चिकित्सालय में बिना शुल्क हुआ।
निधि दुबे को 19 तारीख को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की सलाह के बाद उनका ऑपरेशन किया गया।
आयुष्मान कार्ड से नहीं देना पड़ा शुल्क
परिवार के पास आयुष्मान कार्ड होने के कारण योजना के तहत इलाज, ऑपरेशन और अस्पताल में उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का कोई शुल्क नहीं लिया गया। बृजेश के मुताबिक उनसे एक रुपये का भी भुगतान नहीं कराया गया।
बृजेश का कहना है कि निजी अस्पताल में ऐसे प्रसव ऑपरेशन पर करीब 40 से 50 हजार रुपये खर्च हो सकते थे। जिला अस्पताल में निःशुल्क उपचार होने से परिवार इस संभावित आर्थिक बोझ से बच गया।
परिवार ने योजना के लिए जताया आभार
उपचार के बाद बृजेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस योजना से गरीब परिवारों को महंगे इलाज का खर्च उठाए बिना उपचार मिल रहा है।
आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र जरूरतमंद परिवारों को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज का लाभ देने का प्रावधान है। बृजेश के परिवार को दमोह जिला अस्पताल में इसी योजना के माध्यम से प्रसव संबंधी उपचार मिला।


