चांचौड़ा-बीनागंज में जिला स्तरीय शिविर आयोजित, विधायक श्रीमती प्रियंका पेंची और कलेक्टर श्री कन्याल ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को नगर परिषद चांचौड़ा-बीनागंज के कम्युनिटी हॉल में जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक श्रीमती प्रियंका पेंची एवं कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही की। शिविर के दौरान एक वृद्धा ने अपनी आर्थिक स्थिति एवं खराब स्वास्थ्य से संबंधित समस्या पर आर्थिक सहायता के लिये आवेदन दिया। इसी प्रकार चांचौड़ा के ग्राम बीजनीपुरा निवासी श्री नीलेश मोगिया ने पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। कलेक्टर श्री कन्याल ने दोनों आवेदनों पर संवेदनशीलता से तत्काल कार्यवाही करते हुए रेडक्रॉस के माध्यम से 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। इसके साथ ही 09 विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूटी वितरित की गई तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
वृद्धा की समस्या पर तत्काल सहायता, पेंशन के लिए भी निर्देश
शिविर में श्रीमती विमला देवी ने आवेदन देकर बताया कि वे वृद्ध हैं, उनकी आय का कोई नियमित साधन नहीं है तथा स्वास्थ्य भी ठीक नहीं रहता है। उन्होंने आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने सामाजिक न्याय विभाग को वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित जानकारी प्रदाय कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही चांचौड़ा के ग्राम बीजनीपुरा निवासी नीलेश मोगिया ने पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। दोनों पर आवेदनों पर संवेदनशीलता से विचार करते हुये तत्काल राहत प्रदान करने के लिए रेडक्रॉस के माध्यम से 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
विभिन्न विभागों की सेवाओं से संबंधित आवेदनों पर हुई कार्यवाही
शिविर में राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य, खाद्य सहित अन्य विभागों द्वारा नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। नामांतरण, बंटवारा, बटांकन, किसान कल्याण योजनाओं, विभिन्न प्रमाण-पत्रों, पात्रता पर्ची एवं आयुष्मान कार्ड सहित अन्य सेवाओं से संबंधित आवेदनों और समस्याओं पर संबंधित विभागों द्वारा कार्यवाही की गई।
हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत किया लाभान्वित
शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना श्रीमती ममता माली, श्री लखन सेन एवं श्रीमती शोभा वंशकार सहित कुल 08 हितग्राहियों को 15-15 हजार रुपये की राशि तथा श्रीमती सपना बाई एवं श्री पंकज गुप्ता को 50-50 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। साथ ही शासकीय योजना के अंतर्गत मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के 09 विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूटी वितरित की गई। इसके साथ ही नामांतरण सहित अन्य शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित हितलाभ भी वितरित किए गए।
विधायक ने नागरिकों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली
शिविर के दौरान विधायक श्रीमती प्रियंका पेंची ने नागरिकों से संवाद किया तथा उनसे विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों और मिल रहे लाभों की जानकारी ली। उन्होंने नागरिकों की समस्याओं को सुना और योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को किया सम्मानित
' मेरे सपनों का भारत ' राष्ट्रीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को शिविर में प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उद्योग संवाद में उद्यमियों की समस्याएं सुनीं
शिविर के दौरान स्वरोजगार एवं अपना व्यवसाय शुरू करने वाले हितग्राहियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। साथ ही, उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ऋण प्राप्त करने तथा अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम श्री अमित सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



