प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग की शहरी-2 परियोजना के आंगनबाड़ी केन्द्र आदर्श नगर, वार्ड क्रमांक 18 में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री ध्यानेंद्र सिंह मामा जी, पूर्व मंत्री, श्रीमती मंजू सिकरवार, महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य तथा वार्ड पार्षद श्रीमती रेखा त्रिपाठी एवं मंडल अध्यक्ष श्री जावर सिंह सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से आंगनबाड़ी केन्द्र के माध्यम से संचालित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली गई। लाड़ली बहना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित अन्य योजनाओं के संबंध में महिलाओं एवं बच्चों की माताओं से चर्चा की गई। इस अवसर पर श्री ध्यानेंद्र सिंह मामा जी द्वारा लाड़ली लक्ष्मी प्रमाण-पत्रों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती माताओं नेहा शर्मा, अर्पिता, शीला एवं प्रियंका की गोद भराई की रस्म श्रीमती मंजू सिकरवार एवं वार्ड पार्षद श्रीमती रेखा त्रिपाठी द्वारा कराई गई। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार का सेवन करने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सरोज राठौर को श्रीफल एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पर्यवेक्षक श्रीमती बबीता तोमर एवं श्रीमती मेखला नार्वे की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर आयोजित पोषण प्रदर्शनी का पूर्व मंत्री श्री ध्यानेंद्र सिंह, श्रीमती मंजू सिकरवार, मंडल अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष तथा वार्ड पार्षद द्वारा अवलोकन किया गया। अतिथियों ने प्रदर्शित पौष्टिक आहार के संबंध में जानकारी ली और उसका स्वाद भी लिया। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं एवं गर्भवती माताओं को पोषण, स्वास्थ्य तथा आंगनबाड़ी केन्द्र के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।



