कटनी (06 नवंबर) – दीपावली के पर्व पर जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों में इस बार बेटियों के नाम के दीप प्रज्ज्वलित कर खुशियों और समानता का संदेश दिया गया। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिले के सभी 1713 आंगनवाड़ी केंद्रों में विशेष दीपोत्सव का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस पहल के माध्यम से बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने, उनके महत्व को रेखांकित करने और समाज में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में बेटियों के अभिभावकों को आंगनवाड़ी केंद्रों में आमंत्रित किया गया। यहां बेटियों के नाम से दीप जलाए गए और रंगोली सजाकर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया गया। दीपों की रोशनी के बीच अभिभावकों ने बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने अभिभावकों को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के प्रति जागरूक करते हुए बाल विवाह रोकथाम की शपथ भी दिलाई। साथ ही बेटियों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए परिवार एवं समाज की भूमिका के महत्व पर चर्चा की गई।बेटियों के भविष्य के लिए योजनाओं की दी जानकारी दीपोत्सव के अवसर पर आंगनवाड़ी पर्यवेक्षकों एवं कार्यकर्ताओं ने अभिभावकों को शासन द्वारा बालिकाओं के कल्याण के लिए संचालित बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना और सुकन्या समृद्धि योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अब्दुल गफ्फार के मार्गदर्शन एवं सहायक संचालक सुश्री वनश्री कुर्वेती के संयोजन में आयोजित इस पहल की अभिभावकों और बालिकाओं ने सराहना की। उन्होंने बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाकर आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के समान अवसर देने का संकल्प लिया।
सेहत
बेटियों के नाम के दीपों से रोशन हुए जिले के 1713 आंगनवाड़ी केंद्र, दिया सशक्तिकरण का संदेश अभिभावकों ने बेटियों को उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भर बनाने का लिया संकल्प

भौकाल डेस्क6 नवंबर 2026 · 3 मिनट


