कटनी (13 नवंबर) - शासकीय कन्या महाविद्यालय कटनी में छात्राओं को मतदान के अधिकार, निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के अंतर्गत निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मतदाता जागरूकता से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। निबंध प्रतियोगिता में छात्राओं ने 'सशक्त लोकतंत्र में जागरूक मतदाता की भूमिका', 'युवाओं की मतदान प्रक्रिया में सहभागिता' और 'मताधिकार: अधिकार ही नहीं, जिम्मेदारी भी' जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में निर्वाचन आयोग, मतदाता सूची, ईवीएम एवं वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया, आदर्श आचार संहिता, नोटा और स्वीप सहित निर्वाचन व्यवस्था से जुड़े सवाल पूछे गए। छात्राओं ने अपने ज्ञान और समझ का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निर्वाचन साक्षरता क्लब की गतिविधियां युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना और नागरिक जिम्मेदारी विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने छात्राओं से स्वयं जागरूक मतदाता बनने के साथ परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में निर्वाचन साक्षरता क्लब के संयोजक, महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं छात्राओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
खेल
मतदाता जागरूकता के लिए छात्राओं ने निबंध और क्विज प्रतियोगिता में लिया हिस्सा निर्वाचन साक्षरता क्लब के तहत आयोजित हुई प्रतियोगिताएं, लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदान के महत्व की दी जानकारी

भौकाल डेस्क13 नवंबर 2026 · 2 मिनट


