कटनी (16 नवंबर) - तहसील स्लीमनाबाद के ग्राम पंचायत पड़वार में ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नल-जल योजना के अंतर्गत तीन नलकूपों से जलप्रदाय किया जा रहा है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री पवनसुत गुप्ता ने बताया कि ग्राम में पेयजल आपूर्ति के लिए पूर्व से स्थापित एक नलकूप लगभग 30 वर्ष पुराना है। इसकी कुल गहराई करीब 110 फीट है तथा इसमें 100 फीट तक पाइप डाला गया था। पुराने नलकूप से पानी की आपूर्ति के दौरान पानी के साथ मिट्टी आने की समस्या सामने आई थी। समस्या की जानकारी मिलने पर संबंधित नलकूप के पानी का प्रयोगशाला में परीक्षण कराया गया। जांच रिपोर्ट में पानी में बैक्टीरिया की उपस्थिति नहीं पाई गई। परीक्षण में पानी के साथ मिट्टी आने की समस्या सामने आई। इसके तकनीकी निराकरण के लिए नलकूप में डाले गए पाइप की लंबाई 10 फीट कम की गई है। विभाग के अनुसार वर्तमान में ग्रामवासियों को नल-जल योजना के तहत तीन नलकूपों से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त ग्राम में पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए कुल 24 हैंडपंप हैं, जिनमें से 22 चालू अवस्था में हैं। शेष दो हैंडपंप भरे-पटे होने के कारण बंद हैं। इस तरह ग्राम पड़वार में नल-जल योजना के तीन नलकूपों के साथ 22 चालू हैंडपंपों के माध्यम से ग्रामीणों के लिए पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध है। विभाग द्वारा पेयजल व्यवस्था से संबंधित समस्या के तकनीकी समाधान की दिशा में आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की गई है।
सेहत
पुराने नलकूप से पानी के साथ मिट्टी आने की समस्या के समाधान के लिए किया गया तकनीकी सुधार, प्रयोगशाला जांच में बैक्टीरिया नहीं मिले
भौकाल डेस्क16 नवंबर 2026 · 2 मिनट


