भूकंप जैसी आपदाओं के दौरान त्वरित एवं प्रभावी राहत-बचाव कार्य सुनिश्चित करने तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से जिला मुरैना में 7 अक्टूबर 2026 को संयुक्त मॉक अभ्यास आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 8वीं वाहिनी, गाजियाबाद के सहयोग से आयोजित होने वाले इस अभ्यास का उद्देश्य जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों, सुरक्षा एजेंसियों एवं समुदाय की आपदा से निपटने की क्षमता को मजबूत करना तथा आपदा प्रबंधन योजनाओं की समीक्षा करना है। मॉक अभ्यास दो चरणों में आयोजित होगा। प्रथम चरण में ओरिएंटेशन-सह-समन्वय सम्मेलन एवं टेबल टॉप अभ्यास का आयोजन 7 अक्टूबर को प्रातः 9ः30 बजे कलेक्टर सभागार में किया जाएगा। द्वितीय चरण में संयुक्त मॉक अभ्यास का आयोजन उसी दिन शाम 4 बजे कलेक्ट्रेट परिसर के ग्राउंड में किया जाएगा। अभ्यास में संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी के छात्र-छात्राएं तथा प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थी सहभागिता करेंगे। इस दौरान भूकंप जैसी आपात स्थिति में सुरक्षित रहने, त्वरित प्रतिक्रिया, बचाव एवं राहत कार्यों तथा विभिन्न सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जाएगी। कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने संबंधित अधिकारियों को मॉक अभ्यास के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम को फायर ब्रिगेड तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मॉक अभ्यास के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच समन्वय एवं आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया की तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा।
मध्यप्रदेश
भूकंप आपातकाल से निपटने के लिए 7 अक्टूबर को मुरैना में होगा संयुक्त मॉक अभ्यास
भौकाल डेस्क5 अक्टूबर 2026 · 2 मिनट


