सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में स्वास्थ्य, पोषण, महिला एवं बाल विकास, नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। ग्राम डेडवारा में आंगन मिलन कार्यक्रम, विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, विद्यार्थियों के लर्निंग लाइसेंस बनाने, योगाभ्यास, स्वच्छता अभियान, श्रमदान एवं पौधारोपण जैसी गतिविधियों के माध्यम से जनसहभागिता का संदेश दिया गया।
ग्राम डेडवारा में आंगन मिलन कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम डेडवारा में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल की मौजूदगी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों एवं महिलाओं की सहभागिता से स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों के लिए खेल एवं ‘कहानी सुनाओ-कहानी से जुड़ो’ गतिविधि के साथ स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा फलों एवं मिठाई का वितरण किया गया। गर्भवती एवं धात्री माताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एवं परामर्श दिया गया। माताओं के साथ पोषण संवाद कर संतुलित आहार, एनीमिया की रोकथाम, स्तनपान एवं शिशु देखभाल संबंधी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही 5 बालिकाओं को लाड़ली लक्ष्मी प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा 5 कुपोषित बच्चों को पोषण किट प्रदान की गई। साथ ही 5 कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा कार्यकर्ता को सम्मानित किया गया। अतिथियों द्वारा पौधारोपण भी किया गया। लाभान्वित महिलाओं ने ‘मेरी कहानी, मेरी सफलता’ थीम के तहत शासन की योजनाओं से मिले लाभ एवं अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभागीय अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
आयुष औषधालयों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न आयुष औषधालयों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए गए। वृद्धजनों एवं अन्य नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं आयुष औषधियां वितरित की गईं। शासकीय आयुर्वेद औषधालय काशीखेरी में आयोजित निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर से 34 लाभार्थी लाभान्वित हुए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तेंदूखेड़ा एवं पीएचसी चीचली में भी वृद्धजनों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श की गतिविधियां आयोजित की गईं। चीचली में आयोजित शिविर से 31 वृद्धजन लाभान्वित हुए।
महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए लर्निंग लाइसेंस शिविर आयोजित
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नरसिंहपुर में जिला यातायात एवं परिवहन कार्यालय नरसिंहपुर द्वारा महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लर्निंग लाइसेंस बनाने के लिए शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों को लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान 200 लर्निंग लाइसेंस बनाए गए।
नरसिंह तालाब के समीप हुआ योगाभ्यास
नगर पालिका नरसिंहपुर द्वारा नरसिंह तालाब के समीप ध्यान योग एवं योगासन कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्थानीय नागरिकों ने विभिन्न योगासनों एवं ध्यान योग का अभ्यास किया। सेवा संकल्प अभियान के खंड प्रभारी नरसिंहपुर श्री ऋषि ओम तिवारी ने योगाभ्यास कराया और नियमित योग एवं ध्यान को दैनिक जीवन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
ग्राम रीछा में स्वच्छता कार्यक्रम एवं बीआरसी विजिट
विकासखंड गोटेगांव के ग्राम रीछा में स्वच्छता कार्यक्रम एवं बीआरसी विजिट आयोजित किया गया। कृषि विभाग के कृषि विकास अधिकारी श्री एस.के. वास्निक, कृषि विस्तार अधिकारी श्री तरुण यादव एवं आत्मा के सहायक तकनीकी प्रबंधक श्री आयुष मेहरा की उपस्थिति में किसानों, महिलाओं एवं ग्रामीणों ने स्वच्छता गतिविधियों में सहभागिता की। बीआरसी विजिट के दौरान प्राकृतिक खेती से संबंधित गतिविधियों एवं पद्धतियों का अवलोकन किया गया। किसानों के साथ जीवामृत, बीजामृत एवं अन्य प्राकृतिक कृषि पद्धतियों पर चर्चा कर प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
पॉलिटेक्निक कॉलेज में स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान
शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज नरसिंहपुर में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने कॉलेज परिसर में साफ-सफाई करते हुए घास-फूस एवं झाड़ियों को हटाया तथा कचरे का उचित निपटान किया। परिसर में स्थित फलदार एवं पुष्पदार पौधों के आसपास की क्यारियों की सफाई एवं पौधों की आवश्यक छंटाई भी की गई। इस दौरान ‘कचरा न फैलाएं, डस्टबिन का उपयोग करें’ एवं ‘स्वच्छ परिसर, सुंदर परिसर’ का संदेश दिया गया।
ग्राम बासखेड़ा में स्वच्छता अभियान
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड चावरपाठा की ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बासखेड़ा द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की तथा ग्रामीणों को अपने घर, गली-मोहल्ले एवं ग्राम परिसर को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।
चावरपाठा छात्रावास परिसर में पौधारोपण
अनुसूचित जनजाति छात्रावास परिसर चावरपाठा में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अशोक, आम, जामुन, आंवला एवं मीठी नीम के पौधे रोपे गए। उपस्थितजनों ने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री जयनारायण शर्मा, श्री केशव पाठक, सीएमसीएलडीपी चावरपाठा के परामर्शदाता श्री शुभम तिवारी, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्य, छात्रावास के विद्यार्थी एवं अन्य उपस्थित रहे।


