राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव 2026 के अंतर्गत आज पांढुर्णा मेंन विभिन्न शासकीय विभागों एवं संस्थाओं द्वारा प्रदर्शनी एवं जानकारी केंद्रों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से किसानों एवं ग्रामीणों को उन्नत कृषि तकनीकों, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण, पशुपालन, सहकारिता तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। मध्य प्रदेश सहकारिता बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव ने विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। अवलोकन के दौरान पूर्व मंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़, जिला अध्यक्ष श्री संदीप मोहोड़, नगर परिषद अध्यक्ष श्री संदीप घाटोड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि गण एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
महोत्सव में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, कृषि अभियांत्रिकी विभाग, पशुपालन एवं डेयरी तथा मत्स्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन जिला पंचायत और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित पांढुर्णा सहित विभिन्न विभागों ने सहभागिता की। इसके साथ ही अर्धनारीश्वर फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी सौंसर, भूमि सेवक प्रोड्यूसर कंपनी पांढुर्णा तथा ग्राम आर्ट पारडसिंगा द्वारा भी अपने उत्पादों एवं गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया।
महिला स्व-सहायता समूहों एवं ग्रामीण उत्पादों का प्रदर्शन
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित आजीविका गतिविधियों की जानकारी दी गई। ग्राम आर्ट पारडसिंगा द्वारा महिलाओं एवं ग्रामीण कारीगरों के हाथों से तैयार उत्पादों तथा बीजों से निर्मित आकर्षक सामग्री का प्रदर्शन किया गया। इसके माध्यम से महिला उद्यमिता, स्थानीय उत्पादों एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
शासकीय योजनाओं एवं पोषण की दी जानकारी
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा बच्चों के पोषण के महत्व और पौष्टिक आहार के संबंध में जागरूक किया गया।
पशुओं के स्वास्थ्य एवं उपचार की दी जानकारी
पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा पशुओं में लंपी रोग के लक्षण, समय पर उपचार, बांझपन की समस्या तथा अन्य सामान्य बीमारियों के लक्षण एवं उपचार के संबंध में पशुपालकों को जानकारी प्रदान की गई।
नैनो उर्वरकों एवं आधुनिक कृषि तकनीकों से कराया परिचित
सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित पांढुर्णा द्वारा किसानों को कीटनाशक, फफूंदनाशक तथा नैनो उर्वरकों के उपयोग की जानकारी दी गई। इसमें नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, नैनो कॉपर एवं नैनो जिंक के महत्व और उपयोग के बारे में बताया गया।
खाद्य प्रसंस्करण से स्वरोजगार के अवसर
उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा फल-सब्जियों के उत्पादन, कच्ची घानी के तेल तथा कृषि आधारित खाद्य प्रसंस्करण गतिविधियों की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना ( PMFME) के माध्यम से खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने एवं स्वरोजगार के अवसरों से भी किसानों को अवगत कराया गया।
प्राकृतिक एवं जैविक खेती को दिया प्रोत्साहन
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा सब्जी उत्पादन, जैविक हल्दी की खेती, विभिन्न फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीकों तथा प्राकृतिक खेती में उपयोग होने वाले स्प्रे एवं कीट नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी गई। किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
किसानों के पंजीयन के लिए बनाया गया काउंटर
महोत्सव स्थल पर कृषक पंजीयन काउंटर भी स्थापित किया गया, जहां किसानों का पंजीयन किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को कृषि एवं उससे जुड़ी गतिविधियों, विभागीय योजनाओं, नवीन तकनीकों तथा कृषि आधारित स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई।
राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, शासकीय योजनाओं और कृषि आधारित स्वरोजगार की संभावनाओं से जोड़ने के साथ ही खेती को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊबनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।



