सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के (पीआईबी), भोपाल के नेतृत्व में मध्य प्रदेश के पत्रकारों का एक अध्ययन दल आज जम्मू पहुंचा। छह दिवसीय जम्मू प्रवास के दौरान अध्ययन दल जम्मू-कश्मीर में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का दौरा करेगा तथा क्षेत्र की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित होगा।

अध्ययन दल के कार्यक्रम में विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे आर्क ब्रिज चिनाब रेल आर्क ब्रिज, सलाल हाइड्रो पावर परियोजना, आईआईटी जम्मू सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विकास एवं बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भ्रमण शामिल है। इसके साथ ही दल रघुनाथ मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का दौरा कर क्षेत्र की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत की जानकारी प्राप्त करेगा।

अध्ययन दल में भोपाल के विभिन्न मीडिया संस्थानों के वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रतिनिधि शामिल हैं। प्रवास के दौरान पत्रकारों को जम्मू-कश्मीर में विकास, पर्यटन, आधारभूत संरचना तथा क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत से संबंधित विभिन्न पहलुओं को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिलेगा।

इस अध्ययन यात्रा का उद्देश्य पत्रकारों को जम्मू-कश्मीर में विकास की विभिन्न परियोजनाओं एवं उपलब्धियों की जमीनी जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें क्षेत्र की सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विविधता से परिचित कराना है।