युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), सागर द्वारा 10 नवंबर 2026 को डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के अभिमंच सभागार में जिला स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026-27 का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा मंच पर अपने विचारों, प्रतिभा एवं नेतृत्व क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सागर जिले के तीन प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित प्रतिभागी अब राजधानी भोपाल में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सागर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में अयान शेख ने प्रथम स्थान, ऋषिका सिंह ने द्वितीय स्थान तथा अच्युत पार्थ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों चयनित प्रतिभागियों को उपस्थित अतिथियों एवं आयोजन समिति द्वारा बधाई दी गई तथा भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दी गईं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती लता वानखेड़े उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नागेश दुबे, श्री श्याम तिवारी, श्री जसवंत राठौर, विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री सतीश कुमार, श्री सुमित यादव एड. वीनू राणा, डॉ आर सी प्रजापति एन एस एस संगठक,सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मेरा युवा भारत, सागर के उपनिदेशक डॉ. रोहित यादव के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में हुआ। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, संसदीय परंपराओं, राष्ट्र निर्माण एवं विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना तथा उन्हें अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करना था। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विषयगत ज्ञान, तार्किक क्षमता, विचारों की स्पष्टता एवं अभिव्यक्ति कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों का मूल्यांकन निर्धारित मापदंडों के आधार पर किया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. राकेश सोनी, श्री संजय शर्मा, श्रीमती अतीव विजय सिंह, श्री रवि भट्ट एवं श्री नीरज उपाध्याय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के वक्तव्यों का मूल्यांकन विषयगत ज्ञान, तार्किक प्रस्तुति, विचारों की स्पष्टता एवं अभिव्यक्ति कौशल के आधार पर किया। कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावशाली संचालन यूथ आइकॉन दमोह श्री कृष्णा पटेल एवं सुश्री नाजमीन द्वारा किया गया। दोनों ने अपनी शानदार मंच संचालन शैली से कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाया। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन यूथ आइकॉन सागर श्री आशुतोष पाठक द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित अतिथियों, निर्णायक मंडल, प्रतिभागियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मेरा युवा भारत, सागर के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों (NYV) एवं स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। प्रतिभागियों के पंजीयन, अतिथि स्वागत, बैठक व्यवस्था, भोजन, मंच व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं में सभी स्वयंसेवकों ने पूरी जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ अपनी भूमिका निभाई। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही युवाओं को विकसित भारत @2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया। मेरा युवा भारत, सागर की ओर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित तीनों प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई एवं भोपाल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अग्रिम शुभकामनाएँ दी गईं।
खेल
नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत एवं विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 प्रतियोगिता में सागर के तीन प्रतिभागियों का राज्य स्तर पर चयन
अयान शेख ने प्रथम, ऋषिका सिंह ने द्वितीय एवं अच्युत पार्थ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया; भोपाल में करेंगे सागर का प्रतिनिधित्व
भौकाल डेस्क11 नवंबर 2026 · 4 मिनट


