‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बड़नगर (गुजरात) से वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा के तीन दिवसीय सिवनी प्रवास के दूसरे दिन सोमवार को विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान स्वास्थ्य एवं शिक्षा संस्थानों का अवलोकन, बच्चों से संवाद, हितग्राहियों एवं उद्यमियों से संवाद के साथ ही पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
यात्रा के तहत मेडिकल कॉलेज ग्राम कंडीपार में भ्रमण एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं यात्रा में शामिल सदस्यों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली का संदेश दिया। इसके साथ ही बंडोल आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों से आत्मीय संवाद किया गया तथा उन्हें स्नेह परिधान वितरित किए गए।
छपारा क्षेत्र में ‘लखपति दीदी’ एवं ‘जम्बो सीताफल’ संग्राहकों के साथ संवाद, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भ्रमण एवं संवाद तथा संदीपनी शाला के अवलोकन सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित हुईं। माता शबरी कन्या आश्रम में स्वागत गीत एवं नाटक की प्रस्तुति के बाद बंजारी माता मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया गया।
लखनादौन क्षेत्र में यात्रा के पहुंचने पर गणेशगंज में स्वागत किया गया। इसके बाद मड़ई टोल प्लाजा के पास हाईटेक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विधायक श्री दिनेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, पूर्व सांसद श्रीमती नीता पटेरिया, पूर्व विधायक श्री राकेश पाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।


