पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं एवं उनके आश्रितों को उनके गृह जिले में ही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ECHS पॉलीक्लिनिक टाइप 'E', जबलपुर की मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) चलित चिकित्सा इकाई द्वारा 07 अक्टूबर 2026 को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय सिवनी में चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल अमरेंद्र कुमार दास, कल्याण संयोजक श्री बैजनाथ चौधरी एवं स्टाफ श्री मनोहर गिरी के समन्वय से चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं। चिकित्सा दल में चिकित्सक डॉ. शिवम् खेत्रपाल एवं तीन चिकित्सा सहायक शामिल रहे।स्वास्थ्य शिविर में आए सैनिकों एवं उनके आश्रितों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रोग संबंधी उपचार किया गया।विदित हो कि जिले में चलित चिकित्सा इकाई की सेवाएं प्रारंभ की गई हैं, जिससे पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की सुविधा मिल सके। चलित चिकित्सा इकाई के माध्यम से जिले में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को उपचार के लिए दूरस्थ शहरों की यात्रा से राहत मिलेगी।