प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जरूरतमंद महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। योजना के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उन्हें मातृत्व के दौरान आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है।
नगर पालिका सीधी के वार्ड क्रमांक 16 की निवासी विमला यादव भी प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की हितग्राही हैं। उन्हें योजना के अंतर्गत कुल 5 हजार रुपये की सहायता राशि दो किस्तों में प्राप्त हुई है। पहली किस्त के रूप में 3 हजार रुपये तथा दूसरी किस्त के रूप में 2 हजार रुपये की राशि मिली।
विमला यादव बताती हैं कि योजना से प्राप्त आर्थिक सहायता उनके लिए काफी उपयोगी साबित हुई है। इस राशि का उपयोग वे अपनी बिटिया के भरण-पोषण एवं आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में कर रही हैं। आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें बेटी की देखभाल में सहारा मिला है और मातृत्व के दौरान आवश्यक खर्चों को पूरा करने में सुविधा हुई है।
विमला यादव ने योजना से मिली सहायता के लिए प्रधानमंत्री एवं शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की योजनाएं जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक रूप से संबल प्रदान करती हैं और उनके लिए मुश्किल समय में सहारा बनती हैं।

