ताला में स्वच्छता मित्र एवं दीदियों का किया गया सम्मान
उमरिया 22 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बनारस से बड़नगर के लिए रवाना हुई सेवा संकल्प यात्रा ने उमरिया जिले के ताला में गत रात्रि विश्राम किया। यात्रा के ताला पहुंचने पर अधिकारियो एवं स्थानीय जनो ने आत्मीय स्वागत किया। सेवा संकल्प यात्रा के यात्रियों ने 22 सितंबर को ग्राम पंचायत ताला में स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत सामूहिक श्रमदान एवं स्वच्छता कार्यक्रम में सहभागिता की। यात्रा दल के सदस्यों ने बाजार क्षेत्र में प्रतिदिन साफ-सफाई का कार्य करने वाले स्वच्छता मित्र एवं दीदियों के साथ श्रमदान किया तथा स्व्च्छता मित्र एवं दीदीयो के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
श्रमदान के पश्चात यात्रा दल के मुखिया द्वारा स्वच्छता मित्र दीदियों को अपने हाथों से चप्पल पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें साड़ी एवं श्रीफल भेंट कर स्वच्छता के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर गांव बनाने में सफाई मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
वे प्रतिदिन नियमित रूप से साफ-सफाई कर गांव एवं बाजार को स्वच्छ रखने में अपना योगदान दे रहे हैं। उनके श्रम और सेवा के प्रति सम्मान व्यक्त करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छता मित्र व दीदीयां प्रधानमंत्री जी के स्वच्छ भारत मिशन के संकल्प को पूरा करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे है।
सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम में आसुतोष अग्रवाल, सुमित गौतम, सरपंच एवं सचिव, सहित जिले के जनप्रतिनिधि विकासखंड स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।


